चंदौली जिले में “जहां से जलते हैं सैकड़ों घरों के चूल्हे, उस बायोगैस प्लांट को देखने पहुंचे जिलाधिकारी”

SHARE:

(बायोगैस प्लांट को देखते जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग)

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) चंदौली, 07 अप्रैल। जनपद के पीडीडीयू नगर तहसील अंतर्गत ग्राम एकौनी में एक अनोखी पहल ने ग्रामीण जीवन को नई दिशा दी है। यहां संचालित गौशाला और उससे जुड़ा बायोगैस प्लांट सैकड़ों परिवारों के लिए सस्ती और नियमित रसोई गैस का भरोसेमंद स्रोत बन गया है।

इसकी जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को ग्राम एकौनी पहुंचकर किसान चन्द्रप्रकाश सिंह द्वारा संचालित गौशाला एवं बायोगैस प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इस मॉडल की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया। बता दें कि उक्त गौशाला में लगभग 200 गायों का पालन किया जा रहा है, जिनसे प्राप्त होने वाले गोबर का उपयोग कर 350 क्यूबिक मीटर क्षमता का बायोगैस प्लांट संचालित किया जा रहा है। इस प्लांट के माध्यम से पाइपलाइन द्वारा गांव में 120 से अधिक घरों तक सुबह-शाम नियमित गैस आपूर्ति की जा रही है। खास बात यह है कि ग्रामीणों को मात्र ₹500 प्रतिमाह में यह सुविधा मिल रही है, जो एलपीजी सिलेंडर की तुलना में काफी सस्ती है। किसान चन्द्रप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 3000 किलोग्राम गोबर का उपयोग कर बायोगैस और अन्य ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है, जो पहले बेकार चला जाता था। इस पहल से न केवल स्वच्छ ऊर्जा मिल रही है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रकार की योजनाओं को नावार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़कर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनपद के अन्य गांवों में भी इस मॉडल को अपनाया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और किसानों को जैविक खाद भी प्राप्त होगी, जिससे मिट्टी की उर्वरता में सुधार होगा। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि जनपद की अन्य गौशालाओं में भी इसी प्रकार के बायोगैस प्लांट स्थापित करने की योजना तैयार की जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। ग्राम एकौनी का यह मॉडल न केवल ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, जिला पूर्ति अधिकारी, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई