चंदौली: धान बेचकर लौट रहे युवकों से लूट करने वाले 4आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र में 02 अप्रैल की रात हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वारदात का मास्टरमाइंड वाहन चालक ही निकला।

(घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल)

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी रविन्द्र कुमार पुत्र नन्दलाल निवासी सुरहा, थाना अदलहाट जनपद मिर्जापुर एवं रोहित सिंह पुत्र हरिवंश सिंह निवासी फिरोजपुर, थाना चुनार जनपद मिर्जापुर, मैजिक वाहन से गोरखपुर के गोला बाजार में धान बेचकर वापस लौट रहे थे। रात्रि करीब 01 बजे कुरहना ओवरब्रिज के पास वाहन रोककर पेशाब करने के दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार के बल पर दोनों के साथ मारपीट कर ₹45,000 नकद, मोबाइल फोन और एक सोने का लॉकेट लूट लिया था। इस मामले में थाना मुगलसराय पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देश पर टीमों का गठन किया गया।अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना मुगलसराय व स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 05 अप्रैल को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित नाचघर मैदान के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विपिन कुमार सिंह (24 वर्ष), रोहित पटेल (21 वर्ष) पुत्रगण हरिवंश पटेल निवासी ग्राम फिरोजपुर थाना चुनार जनपद मिर्जापुर, आकाश सिंह (20 वर्ष) पुत्र जयकुमार सिंह एवं विशाल पटेल (19 वर्ष) पुत्र दिलीप कुमार निवासी ममोलापुर नयपूरवा थाना चुनार जनपद मिर्जापुर शामिल हैं।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पिकअप वाहन चालक रोहित पटेल ने ही पूरी घटना की साजिश रची थी। उसने पीड़ितों के पास मौजूद धनराशि की जानकारी अपने भाई विपिन कुमार सिंह को दी और योजना के तहत कुरहना अंडरपास के पास वाहन रुकवाया। पहले से घात लगाए उसके साथी मौके पर पहुंचे और मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। शक से बचने के लिए रोहित पटेल ने अपने साथ भी हल्की मारपीट कर घटना को वास्तविक दिखाने का प्रयास किया था। लेकिन जांच में लगी पुलिस टीम ने लुटेरों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लूट के ₹23,000 नकद, 02 मोबाइल फोन, 01 पीली धातु का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (सीडी डीलक्स) तथा एक अवैध तलवार बरामद की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment