प्रेम जाल में फंसाकर नाबालिग छात्र को गुजरात ले गई युवती गिरफ्तार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली। जनपद की मुगलसराय पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए नाबालिग छात्र को प्रेम जाल में फंसाकर गुजरात ले जाने वाली युवती को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार थाना मुगलसराय क्षेत्र के निवासी 17 वर्षीय नाबालिग छात्र आदर्श महाराज 8 मई की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश और रिश्तेदारों व दोस्तों से पूछताछ के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला और मोबाइल फोन बंद मिला, तब परिजनों ने थाना मुगलसराय में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अलीनगर क्षेत्र निवासी युवती गुंजा ने छात्र को अपने प्रेम जाल में फंसाकर बहला-फुसला कर उसे गुजरात के कच्छ जनपद ले गई। वहां आरोपी युवती ने किराये का कमरा लेकर छात्र को अपने साथ रखा था और किसी से संपर्क नहीं करने दे रही थी। मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि नाबालिग छात्र ने मौका पाकर पड़ोसी के मोबाइल फोन से अपने पिता को फोन कर अपने लोकेशन की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन गुजरात पहुंचे और छात्र को सकुशल वापस लेकर आए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमे में धारा 87 बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की। इसके बाद थाना मुगलसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती गुंजा निवासी नई बस्ती, थाना अलीनगर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी युवती ने छात्र को अपने साथ गुजरात ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई