शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश किया है, जिसमें पत्नी ने अपने ननदोई के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया।मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 01 मार्च को हीरा वियार पुत्र स्व. विश्वनाथ वियार निवासी ग्राम खुरुहुजा (वरऊर) थाना बबुरी ने तहरीर देकर बताया कि उनके भतीजे राजवंश वियार ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने प्रारंभ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।बबुरी के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गहन जांच की। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य व सर्विलांस के आधार पर घटना का चौंकाने वाला सच सामने आया। जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी राम दुलारी और उसके ननदोई रामजनम के बीच अवैध संबंध थे। दिनांक 28 फरवरी की रात दोनों के बीच बातचीत के बाद रामजनम घर पहुंचा। रात में भोजन के दौरान विवाद हुआ, लेकिन बाद में मामला शांत हो गया। देर रात पुनः दोनों के बीच संबंध बनते समय मृतक ने उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया, जिससे विवाद बढ़ गया।इसी दौरान रामजनम ने राजवंश का गला दबा दिया और फिर राम दुलारी ने भी साथ मिलकर रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को फांसी पर लटका कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। सुबह राम दुलारी ने रोने-चिल्लाने का नाटक करने लगी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पहले से ही एक अन्य व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फंसाने की योजना भी बनाई थी, ताकि आर्थिक लाभ उठाया जा सके। पुलिस ने 07 अप्रैल को दोनों आरोपियों—रामजनम (42 वर्ष) निवासी सिरकुटिया एवं राम दुलारी (40 वर्ष) निवासी बड़उर खुरहुजा—को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रस्सी भी बरामद की गई है।