बैंक में मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से विफल हुई लूट की वारदात, अवैध असलहा व कारतूस बरामद
शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली जनपद के चकिया थाना क्षेत्र स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में लूट की कोशिश करने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक आपरेशन ने बताया कि 27 मई की शाम थाना चकिया क्षेत्र के ग्राम बसाढ़ी स्थित गोलू ज्वेलर्स की संचालिका पूजा देवी दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक दुकान पर पहुंचे। एक युवक ग्राहक बनकर चांदी की सिकड़ी देखने लगा, जबकि दूसरे युवक ने गमछे से चेहरा ढक रखा था। कुछ ही देर में आरोपियों ने दुकान का शटर गिराकर संचालिका को असलहा दिखाते हुए डराया और लाकर की चाबी छीनने का प्रयास किया। बदमाश कैश बॉक्स से करीब पांच हजार रुपये निकालकर मारपीट करने लगे पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग और पास स्थित बैंक में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता से दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि एक बदमाश फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से चांदी की सिकड़ी, 1600 रुपये नकद, एक अवैध असलहा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई। तथा घटना के बाद थाना चकिया पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार यादव निवासी कैमूर, बिहार ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ पहले से ज्वेलर्स दुकानों की रेकी कर रहा था। योजना के तहत एक युवक ग्राहक बनकर दुकानदार को बातचीत में उलझाता, जबकि अन्य साथी असलहे के बल पर नकदी और आभूषण लूटते। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने खुद को व्यापारी दिखाने के लिए अपना अवैध असलहा अलग स्थान पर छिपा दिया था। उसकी निशानदेही पर जब पुलिस टीम राजकीय हाईस्कूल बनारसिया के पीछे बरामदगी के लिए पहुंची, तभी उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिससे अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल अभियुक्त को अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।