शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) वाराणसी, 31 मार्च, बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के इंस्टीट्युट ऑफ मेडिकल साइंसेज़ (IMS BHU) में 18 और 19 अप्रैल को रीढ़ (स्पाइन) से जुड़ी जटिल बीमारियों के उन्नत उपचार और नई तकनीकों पर एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन होने जा रहा है।

इस अवसर पर 12वां उत्तर प्रदेश ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन (UPOA) स्पेशल कोर्स इन स्पाइन 19 अप्रैल को आयोजित होगा, जबकि इसके एक दिन पूर्व 18 अप्रैल को प्रथम BHU स्पाइन कैडेवर कोर्स का आयोजन किया जाएगा। यह दो दिवसीय कार्यक्रम चिकित्सा क्षेत्र के लिए किसी “ज्ञान महाकुंभ” से कम नहीं होगा, जिसमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित स्पाइन विशेषज्ञ अपने अनुभव और नवीनतम शोध साझा करेंगे। कार्यक्रम में लगभग 80 से 100 ऑर्थोपेडिक सर्जन, स्पाइन विशेषज्ञ, प्रशिक्षु डॉक्टर और अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों के भाग लेंगे। इस विशेष कोर्स में रीढ़ की हड्डी से जुड़ी प्रमुख समस्याओं—जैसे डिस्क से संबंधित रोग, स्पाइनल डीजेनेरेशन (घिसावट), विकृतियां (डीफॉर्मिटी), संक्रमण और अन्य जटिल विकारों—पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम का स्वरूप बेहद व्यावहारिक और संवादात्मक होगा, जिसमें—
-
विशेषज्ञ व्याख्यान
-
जटिल केस प्रस्तुतियाँ
-
इंटरैक्टिव चर्चा
-
पैनल प्रश्नोत्तर सत्र
शामिल होंगे।




