चंदौली में मसाला बनाने वाली दो फैक्ट्रियों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा भारी मात्रा में सैंपल सीज

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले की दो प्रमुख मसाला इकाइयों ‘रॉयल मसाले’ और ‘आरएल (RL) मसाले’ फैक्ट्री पर औचक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार और कच्चे मसालों के नमूने जब्त कर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कमिश्नर (खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, अलीगंज, लखनऊ) तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के आदेश पर जनपद में विशेष जांच अभियान शुरू किया गया।प्रशासनिक टीम ने जनपद की सीमाओं में संचालित दोनों मसाला इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। अचानक हुई कार्रवाई से फैक्ट्री संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान टीम ने हल्दी, धनिया, मिर्च समेत विभिन्न तैयार एवं कच्चे मसालों के नमूने एकत्र किए और संदिग्ध सामग्री को मौके पर ही सील कर दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि मिलावट अथवा मानकों में गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ कठोर कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के. एन. त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाया गया। विशेष टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार और रणधीर सिंह यादव शामिल रहे। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने साफ कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई