शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) जनपद चंदौली की साइबर थाना टीम ने फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनी बनाकर देशभर में ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के खातों में जमा साइबर ठगी से जुड़े लगभग 1.42 करोड़ रुपये होल्ड कराए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपी “सत्कार निधि लिमिटेड” और अन्य फर्जी माइक्रो फाइनेंस कंपनियों के नाम पर लोगों को कम ब्याज दर पर आसान ऋण दिलाने का झांसा देते थे। सोशल मीडिया, मोबाइल कॉल और ऑनलाइन माध्यमों से संपर्क कर प्रोसेसिंग फीस, सिक्योरिटी मनी, बीमा शुल्क और अन्य चार्ज के नाम पर हजारों रुपये वसूले जाते थे। जांच में सामने आया कि देश के कई राज्यों में इस नेटवर्क के खिलाफ शिकायतें दर्ज थीं।साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर चंदौली स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी सामान हटाकर फरार होने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें बजरंग लॉन के सामने से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में कंप्यूटर उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज, फर्जी आधार कार्ड, पासबुक, मोबाइल फोन, मोहरें और वित्तीय लेन-देन से जुड़े अभिलेख बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आसान शर्तों पर ऋण दिलाने का झांसा देकर 5 हजार से 25 हजार रुपये तक की वसूली करते थे। इसके साथ ही देशभर में होने वाली ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड की रकम इन्हीं बैंक खातों में मंगाई जाती थी। आरोपी अपने खाते में आई रकम से लगभग 1.5 प्रतिशत कमीशन काटकर शेष धनराशि अन्य सहयोगियों के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर ट्रांसफर कर देते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने विभिन्न बैंकों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खाते खुलवाए थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी अपने असली फोटो लगाकर फर्जी नाम और पते वाले आधार कार्ड तैयार कर इस्तेमाल करते थे। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) और समन्वय पोर्टल पर इनके खिलाफ 16 साइबर शिकायतें दर्ज मिली हैं। इसके अलावा Cyber Crime Police Station Gautam Buddh Nagar में भी इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों में वीरेंद्र कुमार निवासी चंदौली, आशीष पटवा निवासी बबुरी बाजार और सोनी निवासी चकिया शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 03 सीपीयू, 03 मॉनीटर, 350 पासबुक, 03 फर्जी आधार कार्ड, 11 मोहरें, 21 रजिस्टर, ब्लैंक चेक और कई महत्वपूर्ण बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए हैं।