चंदौली के नवागत एसपी ने अपराधियों को दी खुली चेतावनी, अपराध करने वालों को बख़्शा नहीं जायेगा

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) चंदौली,  जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और किसी भी हाल में अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। यह स्पष्ट संदेश नवागत पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से अपनी पहली बातचीत में दिया।2019 बैच के आईपीएस अधिकारी आकाश पटेल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद के निवासी हैं। उन्होंने हिंदी साहित्य में परास्नातक (एम.ए.) की डिग्री प्राप्त की है। इससे पहले वे वाराणसी में अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) के पद पर तैनात रह चुके हैं, जहां उन्होंने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किया। नवागत एसपी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य जिले में ऐसी कानून व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे हर नागरिक को सुरक्षा और सुकून मिल सके। उन्होंने बताया कि उन्हें कार्यभार ग्रहण किए अभी एक दिन ही हुआ है और वे जनपद की भौगोलिक व सामाजिक स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार रात सभी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण को लेकर ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। चंदौली के बिहार सीमा से सटे होने के कारण यहां मादक पदार्थों एवं पशु तस्करी की गतिविधियां एक बड़ी चुनौती हैं, जिन पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जाएगा। असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए एसपी ने कहा कि जो लोग गुंडागर्दी के सहारे यहां रहने का भ्रम पाले हुए हैं, वे इसे अपने दिमाग से निकाल दें। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर ही प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment