चंदौली: धानापुर में श्रीराम विवाह प्रसंग पर भावविभोर हुए श्रद्धालु, विश्राम दिवस पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी पहुंचे

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली 25 अक्टूबर भगवान श्रीराम के विवाह प्रसंग, भक्ति संगीत और जय श्रीराम के उद्घोष से शनिवार को धानापुर का दशमी तालाब क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। दशमी तालाब के समीप श्री विश्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित श्रीराम कथा महोत्सव के विश्राम दिवस पर अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कथावाचक राजन जी महाराज ने भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह का प्रसंग सुनाया। कथा श्रवण के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित बृजभूषण शरण सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह की अगुवाई में आयोजित इस धार्मिक महोत्सव में पांच दिनों तक श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा और भारतीय संस्कृति से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया गया। कथा के अंतिम दिन राम-विवाह प्रसंग ने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से भावविभोर किया। पूरा पंडाल भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर दिखाई दिया। राजन जी महाराज ने भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग का वर्णन करते हुए उनके जीवन में प्रेम, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कथा के माध्यम से भारतीय संस्कृति में विवाह संस्कार, पारिवारिक मूल्यों और धर्म के प्रति आस्था की महत्ता समझाई। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से प्रभु श्रीराम का स्मरण किया। राम-विवाह प्रसंग के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जीवन में आदर्शों, पारस्परिक सम्मान, कर्तव्य और संस्कारों का विशेष महत्व है। धार्मिक आयोजन केवल आध्यात्मिक शांति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों और सद्भाव को मजबूत करने का अवसर भी हैं। बता दें कि श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ 20 अक्टूबर को नरौली गंगा घाट से निकली कलश यात्रा के साथ हुआ था। इसके बाद दशमी तालाब के समीप श्री विश्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कथा प्रारंभ हुई। पहले दिन से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। कथा के विभिन्न दिनों में राजन जी महाराज ने आध्यात्मिक प्रसंगों के माध्यम से जीवन की नश्वरता, भक्ति, धर्म और मानवीय मूल्यों पर प्रकाश डाला। शिव-पार्वती संवाद तथा भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव से जुड़े प्रसंगों ने भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। 23 अक्टूबर को श्रीराम जन्म प्रसंग के दौरान पंडाल में जयकारों और भजन से वातावरण भक्तिमय हो गया। शनिवार को राम-विवाह प्रसंग के साथ आयोजन का समापन हुआ। विश्राम दिवस पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा ब्रजभूषण शरण सिंह की सहभागिता रही। मुख्य आयोजक एवं सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह भी उपस्थित रहे। इसके अलावा चंदौली के पूर्व सांसद महेंद्र नाथ पाण्डेय,प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, डाक्टर के एन पांडेय, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं वाराणसी के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुजीत सिंह एवं पत्रकार प्रेस क्लब के प्रदेश अध्यक्ष तथा दैनिक परफेक्ट मिशन के कार्यकारी संपादक घनश्याम पाठक साथ में सुधीर उपाध्याय सहित हजारों लोगों ने कथा श्रवण किया। शनिवार को कथा के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रसाद बनाने के लिए लगभग 500 कारीगर लड्डू तथा बुंदिया बनाने में लगे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *