गंगा के आसमान में गरजे राफेल और सुखोई, नमो घाट पर एयर शो देख रोमांचित हुए हजारों लोग

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) वाराणसी 22 अक्टूबर को धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में गुरुवार को गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना गूंज उठी। नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी तेजस जैसे लड़ाकू विमानों के हवाई प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

गंगा के दोनों ओर नमो घाट से अस्सी घाट तक बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक नजारे के साक्षी बने।भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस हवाई प्रदर्शन में विमानों की सधी हुई उड़ान, तेज रफ्तार और समन्वित करतबों ने लोगों का ध्यान खींचा। आसमान में तिरंगे के रंग बिखेरते विमानों को देखकर दर्शकों ने उत्साह व्यक्त किया। कई स्थानों पर लोगों ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष भी किए। एयर शो का प्रमुख आकर्षण तीन किरन प्रशिक्षण विमानों की ‘काशी फॉर्मेशन’ रही। विमानों ने आकाश में तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरी। इसके साथ राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने अपनी उड़ान क्षमता और हवाई कौशल का प्रदर्शन किया।

भारी परिवहन और हेलीकॉप्टरों की भागीदारी ने कार्यक्रम को और विशेष बनाया।कार्यक्रम को देखने के लिए सुबह से ही नमो घाट और आसपास के प्रमुख घाटों पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। समय बढ़ने के साथ दर्शकों की भीड़ बढ़ी और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव भी दिखाई दिया। प्रशासन और पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने तथा लोगों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की थी। ‘विंग्स ओवर गंगा’ के तहत 24 और 25 अक्टूबर को भी हवाई प्रदर्शन निर्धारित हैं।

25 अक्टूबर के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने का कार्यक्रम बताया गया है। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय वायुसेना की क्षमता, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और देश की सुरक्षा में उसकी भूमिका को आम लोगों के सामने प्रस्तुत करना बताया जा रहा है। गंगा की पृष्ठभूमि में आयोजित इस एयर शो ने काशी के घाटों को एक अलग ही दृश्य प्रदान किया। भारतीय वायुसेना के विमानों का यह प्रदर्शन शहरवासियों और बाहर से आए दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। जहां इस कार्यक्रम के आयोजन में 50 करोड़ रुपए से अधिक राशि लगने का अनुमान लगाया जा रहा है वहीं विपक्षी दलों के कुछ लोग इसे अपने देश के सैन्य बल की सराहना करते हुए सरकार पर इसे राजनीतिक कार्यक्रम बनाने का आरोप भी लगा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *