शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) वाराणसी, 06 नवंबर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ वाराणसी जोन पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। जोन के नौ जिलों में 35 मुकदमे दर्ज कर 48 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 130 क्विंटल (13 हजार 421 किलोग्राम) अवैध पटाखे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत सवा करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में यह अभियान धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ और देव दीपावली के मद्देनजर चलाया गया। मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार पर कार्रवाई तेज की है।पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक बरामदगी भदोही में हुई, जहां छह मुकदमों में आठ आरोपियों के पास से 3417 किलोग्राम पटाखे मिले।

अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों के अनुचित भंडारण से बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित खुले और सुरक्षित स्थानों पर अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त लाइसेंसधारी व्यापारियों द्वारा ही लगाई जाएं। लाइसेंस के अनुसार निर्धारित मात्रा में ही पटाखों का भंडारण हो तथा दुकानों का आकार भी तय मानकों के अनुरूप रखा जाए। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र और अन्य आग बुझाने के संसाधन अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।एडीजी ने सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशों का पालन करते हुए ध्वनि एवं वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण तथा स्वास्थ्य सुरक्षा का ध्यान रखने की भी अपील की है।
पुलिस के अनुसार अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध यह विशेष अभियान देव दीपावली तक जारी रहेगा।



