त्योहारों से पहले पटाखा कारोबार पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 130 क्विंटल अवैध पटाखे बरामद; 48 गिरफ्तार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) वाराणसी, 06 नवंबर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ वाराणसी जोन पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। जोन के नौ जिलों में 35 मुकदमे दर्ज कर 48 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने करीब 130 क्विंटल (13 हजार 421 किलोग्राम) अवैध पटाखे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत सवा करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा के निर्देशन में यह अभियान धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ और देव दीपावली के मद्देनजर चलाया गया। मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में पुलिस ने अवैध पटाखों के कारोबार पर कार्रवाई तेज की है।पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, सबसे अधिक बरामदगी भदोही में हुई, जहां छह मुकदमों में आठ आरोपियों के पास से 3417 किलोग्राम पटाखे मिले।

इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के हिंदी समाचार पत्र जनसत्ता के कार्यकारी संपादक मुकेश भारद्वाज द्वारा लिखित पुस्तकों को अवश्य पढ़ें

मऊ में आठ मुकदमों में आठ आरोपियों से 2377 किलोग्राम, बलिया में चार मुकदमों में दस आरोपियों से 2241 किलोग्राम, मीरजापुर में छह मुकदमों में छह आरोपियों से 1313 किलोग्राम और आजमगढ़ में चार मुकदमों में पांच आरोपियों से 1055 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। इसी क्रम में जौनपुर में दो मुकदमों में तीन आरोपियों से 949 किलोग्राम, सोनभद्र में एक मुकदमे में दो आरोपियों से 918 किलोग्राम, चन्दौली में दो मुकदमों में दो आरोपियों से 628 किलोग्राम तथा गाजीपुर में दो मुकदमों में चार आरोपियों से 523 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद हुए। सभी संबंधित आरोपियों के विरुद्ध विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की गई है।एडीजी नवीन अरोरा ने मीडिया के माध्यम से पटाखा कारोबारियों और व्यापार संघों से अपील की है कि बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री न करें। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम नागरिकों और श्रमिकों की जान को भी खतरा हो सकता है। अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में पटाखों के अनुचित भंडारण से बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि पटाखों की दुकानें केवल निर्धारित खुले और सुरक्षित स्थानों पर अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त लाइसेंसधारी व्यापारियों द्वारा ही लगाई जाएं। लाइसेंस के अनुसार निर्धारित मात्रा में ही पटाखों का भंडारण हो तथा दुकानों का आकार भी तय मानकों के अनुरूप रखा जाए। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र और अन्य आग बुझाने के संसाधन अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।एडीजी ने सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के आदेशों का पालन करते हुए ध्वनि एवं वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण तथा स्वास्थ्य सुरक्षा का ध्यान रखने की भी अपील की है। पुलिस के अनुसार अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध यह विशेष अभियान देव दीपावली तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *