आसाराम बापू के साथ न्याय या अन्याय? पैरोल की समय-सीमा से कुछ घंटे की देरी पर एफआईआर, जेल प्रशासन की भूमिका पर खामोशी क्यों?

SHARE:

रात में जेल के दरवाजे तक पहुंचे, नियमों का हवाला देकर नहीं मिला प्रवेश, सुबह किया आत्मसमर्पण; संजय दत्त के मामले से तुलना के बीच उठे निष्पक्षता और जवाबदेही के सवाल

शांति दूत न्यूज़.(राजस्थान) जोधपुर, कानून सबके लिए समान है, लेकिन क्या कानून के अनुपालन में परिस्थितियों का मूल्यांकन भी सबके लिए समान होना चाहिए? आसाराम बापू के पैरोल से लौटने में हुई देरी और उसके बाद दर्ज एफआईआर ने यह सवाल एक बार फिर खड़ा कर दिया है कि क्या इस पूरे घटनाक्रम में केवल समय-सीमा के उल्लंघन को देखा गया या देरी के पीछे की परिस्थितियों और जेल प्रशासन की भूमिका की भी निष्पक्ष समीक्षा की गई? मामला 27 अक्टूबर 2026 का है। राजस्थान हाईकोर्ट से मिली 20 दिन की चिकित्सा पैरोल की अवधि समाप्त होने पर संत आसाराम बापू को शाम पांच बजे तक जोधपुर सेंट्रल जेल में आत्मसमर्पण करना था। पैरोल बढ़ाने की मांग सुप्रीम कोर्ट से खारिज होने के बाद वह उज्जैन से एयर एम्बुलेंस के जरिए जोधपुर पहुंचे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, उनका विमान रात करीब 10 बजे पहुंचा। लेकिन रात में बंदियों को प्रवेश नहीं देने के नियम का हवाला देकर जेल प्रशासन ने उन्हें दाखिल नहीं किया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया और 28 अक्टूबर की सुबह उन्होंने जेल में आत्मसमर्पण किया। और इधर निर्धारित समय के बाद पहुंचने के आरोप में रतनाड़ा थाने में राजस्थान कारागार अधिनियम की धारा 58(बी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। यहां सवाल यह नहीं कि अदालत द्वारा निर्धारित समय-सीमा का पालन जरूरी नहीं है। निश्चित रूप से न्यायालय के आदेश का पालन हर व्यक्ति का दायित्व है। लेकिन यह भी विचारणीय है कि जब संबंधित व्यक्ति उसी दिन जोधपुर पहुंचा और जेल के मुख्य द्वार तक गया, तब रात में प्रवेश नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने क्या वैकल्पिक प्रक्रिया अपनाई? क्या तत्काल किसी सक्षम अधिकारी या न्यायिक प्राधिकारी से दिशा-निर्देश लेने की कोशिश की गई? क्या जेल के गेट रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज में इस घटनाक्रम का पूरा विवरण दर्ज है? क्या एयर एम्बुलेंस की उड़ान, चिकित्सा स्थिति और यात्रा में हुई देरी की स्वतंत्र जांच की गई? यदि जेल के नियमों के कारण रात में प्रवेश नहीं दिया जा सकता था, तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इस परिस्थिति में प्रशासन की जिम्मेदारी क्या थी। आखिर देरी का पूरा भार केवल आसाराम बापू पर डालने से पहले प्रशासनिक पहलू की जांच क्यों न हो? इस संदर्भ में अभिनेता संजय दत्त का 2015 का फरलो प्रकरण भी चर्चा में है। हालांकि दोनों मामलों की कानूनी परिस्थितियां अलग थीं। संजय दत्त की फरलो अवधि 8 जनवरी को समाप्त हुई थी। उन्होंने विस्तार के लिए आवेदन किया था और निर्णय लंबित रहने के दौरान वह जेल से बाहर रहे। महाराष्ट्र के तत्कालीन गृह राज्यमंत्री ने बताया था कि संजय दत्त ने निर्धारित दिन सूर्यास्त से पहले जेल में रिपोर्ट किया था, लेकिन विस्तार के आवेदन पर निर्णय लंबित होने के कारण उन्हें वापस भेज दिया गया था। और संबंधित जेल अधिकारियों की विभागीय जांच की बात कही गई थी। 13 साल से अधिक जेल में रहने के दौरान आचरण का रिकॉर्ड क्या कहता है? आसाराम बापू के जेल में रहने के दौरान उनके आचरण, अनुशासन, चिकित्सा सुविधा और जेल नियमों के अनुपालन से जुड़े रिकॉर्ड भी प्रासंगिक हो सकते हैं। जेल प्रशासन के पास उपलब्ध आधिकारिक अभिलेखों के आधार पर यह स्पष्ट होना चाहिए कि उनका व्यवहार कैसा रहा, किसी नियम का उल्लंघन हुआ या नहीं और चिकित्सा जरूरतों के संबंध में क्या व्यवस्था की गई। उनकी चिकित्सा पैरोल, जेल में व्यवहार और आत्मसमर्पण से जुड़ी नई कार्रवाई का मूल्यांकन उपलब्ध तथ्यों और कानून के आधार पर निष्पक्ष ढंग से होना चाहिए। इस पूरे प्रकरण में जेल अधीक्षक, पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से कुछ सीधे सवालों के जवाब अपेक्षित हैं— जेल के मुख्य द्वार पर पहुंचने के बावजूद रात में प्रवेश नहीं देने का लिखित आधार क्या था? क्या जेल प्रशासन ने उनके पहुंचने और प्रवेश नहीं दिए जाने का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया? क्या देरी के कारणों की जांच एफआईआर से पहले की गई? क्या चिकित्सा स्थिति और एयर एम्बुलेंस से यात्रा के दस्तावेजों को जांच में शामिल किया गया? क्या जेल प्रशासन के अधिकारियों की भूमिका की भी समीक्षा होगी? क्या इस एफआईआर में जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा? और पूरे देश में एक सवाल पूछा जा रहा है कि आसाराम बापू के साथ न्याय हुआ या अन्याय? कानून का सम्मान हर नागरिक का दायित्व है, लेकिन कानून लागू करने वाली संस्थाओं की जवाबदेही भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। यदि देरी हुई तो उसका हिसाब मांगा जाए, लेकिन यह भी बताया जाए कि जेल के दरवाजे पर पहुंचने के बाद प्रवेश नहीं देने का निर्णय किस आधार पर लिया गया और क्या उस निर्णय की समीक्षा हुई?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *