बद्रीनाथ से सहस्त्रधारा जा रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त, पायलट समेत छह की मौत

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. उत्तराखंड के जोशीमठ के पास शुक्रवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। दुर्घटनास्थल से सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा जा रहा था। जानकारी के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर दोपहर करीब 1:12 बजे बद्रीनाथ सिविल हेलीपैड से रवाना हुआ था। करीब दो मिनट बाद 1:14 बजे जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। स्थानीय कर्मियों ने उसे ऊंचाई से घाटी की ओर गिरते हुए देखने की सूचना दी। हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तराखंड पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), भारतीय सेना और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम क्षेत्र में बचाव अभियान चलाकर पायलट सहित सभी छह लोगों के शव बरामद किए गए। शवों को सड़क मार्ग से जुड़े सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की कार्रवाई की गई।पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले पायलट की पहचान दिल्ली निवासी कैप्टन हिमांशु सभरवाल के रूप में हुई है। हेलीकॉप्टर में सवार पांच यात्री कर्नाटक के रहने वाले थे, जिनकी पहचान प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज के रूप में हुई है।उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अनुसार, जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया था और ट्रैकिंग सिस्टम भी उसकी स्थिति का पता नहीं लगा सका। एहतियात के तौर पर ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े को ग्राउंडेड कर दिया गया है।इधर, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने राज्य में हाल के वर्षों में हुई हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं की जांच कराने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *