बंद मकानों की रेकी कर रात में ताला तोड़ कर चोरी करने वाले आठ गिरफ्तार; 3.50 लाख नकद समेत चोरी का माल बरामद

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) चंदौली जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने आठ शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। तथा उनके पास से  3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो लैपटॉप, एलईडी टीवी और गैस सिलेंडर बरामद किया है। पुलिस ने चोरी के रुपयों से खरीदी गई वेन्यू कार और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा भी बरामद किया है।

पत्रकारों  को इसकी जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि यह गिरोह मुगलसराय तथा आसपास के क्षेत्र में दिन में घूमकर मकानों  की रेकी  करते थे। फिर रात को मकान का ताला तोड़ कर चोरी करते थे। घटनाओं का अनावरण करने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल द्वारा मुगलसराय कोतवाली पुलिस, एस ओ जी, तथा सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया था। उसी के तहत बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट स्थित नाच घर के पास सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी के सामान के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना पर मुगलसराय के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, एस ओ जी के प्रभारी रामजन्म यादव, तथा सर्विलांस के उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा अपनी टीम  के साथ घेराबंदी करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिन में बंद और सूने मकानों की रेकी करते थे और रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी की नकदी और सामान को आपस में बांट लेते थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मुगलसराय के अलावा चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में भी चोरी की कई घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कुल 3.50 लाख रुपये नकद, दो डेल कंपनी के लैपटॉप, सोनी कंपनी की एलईडी टीवी, इंडेन गैस सिलेंडर, चांदी की पायल समेत सोने-चांदी के अन्य आभूषण बरामद किए। इसके अलावा वेन्यू कार संख्या UP67AB8628 और ऑटो रिक्शा संख्या UP65JT0599 भी बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि वेन्यू कार चोरी की रकम से खरीदी गई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ, विशाल भारती, रहमान उर्फ आंखी, राजेश सिंह, अनिल गुप्ता, दीपक जायसवाल उर्फ रवीन्द्र कुमार जायसवाल, तुषार वर्मा और लकी जायसवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व से भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। अकेले प्रशांत सोनी के विरुद्ध मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थानों में चोरी के कई मामले दर्ज बताए गए हैं। 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई