शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली। जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित महेवा गौरी माइनर नहर के पास मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए हत्या की साजिश में शामिल मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी तथा एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम-प्रसंग में बाधक बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पूरी वारदात पूर्व नियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल, रक्तरंजित कपड़े, मोबाइल फोन एवं नकदी भी बरामद कर ली गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि 25 जून को धर्मानंद यादव ने सूचना दी थी कि एनएच-19 के बिलारीडीह अंडरपास के पास महेवा गौरी माइनर की पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का गला रेता हुआ शव नहर में पड़ा है। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के महादेवपुर गांव निवासी लगभग 40 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई। मृतक के भाई रमेश ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि राजेश की पत्नी उर्मिला देवी के लखमीपुर निवासी जितेन्द्र शर्मा उर्फ राहुल से अवैध संबंध थे, जिसका राजेश लगातार विरोध करता था। इसी कारण पत्नी ने अपने कथित प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस जांच में सामने आया कि 24 जून को उर्मिला देवी ने अपने पति राजेश कुमार को जमीन दिखाने के बहाने घर से भेजा। पुलिस के अनुसार जितेन्द्र शर्मा पहले से ही मोटरसाइकिल में धारदार चाकू छिपाकर लाया था। तीनों विभिन्न स्थानों पर घूमते रहे। इसी दौरान राजेश को शराब पिलाई गई। देर शाम महेवा नहर के पास पहुंचने पर अत्यधिक नशे की हालत का फायदा उठाते हुए विनोद पाल ने उसे पकड़ लिया, जबकि जितेन्द्र शर्मा ने धारदार चाकू से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद शव को नहर में फेंककर तीनों मौके से फरार हो गए। घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम और सर्विलांस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी रही। मुखबिर की सूचना पर रेवसा अंडरपास के पास घेराबंदी कर बिहार भागने की फिराक में मोटरसाइकिल से जा रहे जितेन्द्र शर्मा उर्फ राहुल और विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू, खून से सने कपड़े, दो मोबाइल फोन, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी उर्मिला देवी को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में, पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी जितेन्द्र शर्मा ने बताया कि उसका मृतक के घर आना-जाना था और इसी दौरान उर्मिला देवी से उसके प्रेम संबंध हो गए। राजेश कुमार इस संबंध का विरोध करता था, जिससे पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि उर्मिला देवी ने पति को रास्ते से हटाने के लिए उस पर दबाव बनाया और इसके बदले दस हजार रुपये देने का लालच भी दिया। इसके बाद पूरी योजना बनाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।