शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) चंदौली जनपद में पुलिस ने ट्रक के गुप्त केबिन से लकड़ी के बुरादों के बीच छिपाकर अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तथा ट्रक में रखी गई 663 पेटी अवैध शराब बरामद हुई जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि जनपद में अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे जांच अभियान के तहत पुलिस को यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि थाना चंदौली के प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय तथा सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं मैनुअल साक्ष्यों के आधार पर नवीन मंडी समिति गेट के सामने वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक और सहचालक ने ट्रक में लकड़ी का बुरादा लदा होने की बात कही, लेकिन जब पुलिस ने गहन जांच की तो ट्रक के भीतर विशेष रूप से बनाए गए लोहे के गुप्त केबिन से विभिन्न ब्रांडों की 663 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार शराब को लकड़ी के बुरादे की आड़ में इस तरह छिपाया गया था कि उसकी गंध बाहर न जा सके।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुजरात के अहमदाबाद निवासी हितेश देसाई (42 वर्ष) तथा उमेश परमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर ट्रक को भी कब्जे में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब की खेप पंजाब से बिहार में ऊंचे दामों पर बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। इसके बदले उन्हें प्रत्येक चक्कर पर 50 हजार रुपये तथा बिक्री पर दो प्रतिशत कमीशन मिलता था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस संबंध में थाना चंदौली कोतवाली में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।