शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) चन्दौली जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदाबाद गांव में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती पति के साथ रहने की मांग को लेकर गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहम्मदाबाद निवासी लगभग 19 वर्षीय नंदिनी चौहान जो कि गांव के ही विशाल चौहान के साथ प्रेम करती है। बताया जा रहा है कि करीब दो माह पूर्व दोनों ने परिवारों की सहमति से चकिया मां काली मंदिर में प्रेम विवाह किया था। हालांकि बाद में दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया और दोनों अलग हो गए। वहीं बताया जा रहा है कि युवक वर्तमान समय में हैदराबाद में नौकरी कर रहा है।मंगलवार सुबह युवती अचानक गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई और पति को बुलाने की मांग करने लगी। युवती का कहना था कि जब तक उसका पति वापस नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची चकिया पुलिस ने काफी देर तक समझा बुझाकर नीचे उतारा तथा पुलिस युवती को पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के लिए थाने ले गई।