
FOLLOW US:
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संकल्प लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह रहीं। उनके साथ चकिया विधायक कैलाश आचार्य, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग, कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और योग दिवस के उद्देश्य पर आधारित संदेश के साथ हुआ। इसके बाद प्रशिक्षित योगाचार्यों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम और कपालभाति सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि ‘योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की विद्या है’ तथा भारत की प्राचीन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से आज विश्व के 190 से अधिक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं एवं विद्यार्थियों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए समय निकालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में योग और आयुष के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है। चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि वर्तमान समय में तनावपूर्ण जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी समाधान बनकर उभरा है। योग व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करता है। जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों की रोकथाम संभव है और व्यक्ति की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है।WhatsApp us