बड़ी खबर… दिल्ली मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, 21 लोगों की दर्दनाक मौत

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब फ्लोरिश स्टे बीएंडबी रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 21 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, दिल्ली पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की आठ गाड़ियों को लगाया गया। पुलिस, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि होटल और उससे जुड़े हिस्सों में मौजूद कई लोग अंदर ही फंस गए। धुएं और तेज लपटों के कारण लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। राहत टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 21 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन लगातार अस्पतालों के संपर्क में है और घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के हिंदी समाचार पत्र जनसत्ता के कार्यकारी संपादक मुकेश भारद्वाज द्वारा लिखी गई थ्रिल, सस्पेंस से भरपूर जासूसी उपन्यास राजमहल अवश्य पढ़ें

राहत कार्य के दौरान दमकल विभाग के जवानों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आग बुझाने और लोगों को बाहर निकालने के दौरान एलएफएम योगेंद्र घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार दिया गया। वहीं एसटीओ मनोज की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ड्यूटी से हटाकर स्टेशन भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग के प्रधान निदेशक भी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की। पुलिस और बचाव एजेंसियों की संयुक्त टीम इमारत के हर हिस्से की गहन तलाशी ले रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा न रह गया हो। फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत में फैले धुएं और गर्मी के कारण सर्च ऑपरेशन बेहद सावधानी के साथ चलाया जा रहा है। हादसे के बाद मालवीय नगर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया है और आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गई है। हादसे ने राजधानी में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई