बड़ी खबर…चंदौली: दो दिन में तीन हत्या करके दहशत फ़ैलाने वाला हत्यारा गिरफ्तार

SHARE:

हत्या कर भाग रहे कातिल को पकड़े लोग

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली  जनपद में रविवार सुबह से सोमवार सुबह तक तीन सनसनीखेज हत्याओं से हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन और आमजन हतप्रभ रह गए। राहत की बात ये रही कि तीसरी हत्या को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी को लोगों ने दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। लंबी पूछताछ के बाद आरोपी ने तीनों हत्याओं का जुर्म कबूल कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ वीरेंद्र (43) के रूप में हुई है। वह पंजाब के अमृतसर का निवासी है और 6 साल पहले सेना से सेवानिवृत्त हुआ है। फिलहाल बिहार के आरा में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रवृत्ति का “साइको किलर” प्रतीत हो रहा है। उसके पास से एक लाइसेंसी और एक अवैध पिस्टल बरामद हुई है।क़ातिल ने पहला कत्ल रविवार को डीडीयू से जा रही ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में कुछमन रेलवे स्टेशन के पास कर्नाटक से लौट रहे गाजीपुर के जमानियां निवासी मंगरू (34) को आरोपी ने कनपटी पर गोली मार दी। मंगरू की मौके पर मौत हो गई और कातिल शव को पटरी पर गिराकर फरार हो गया। तथा दूसरी घटना रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे कोलकाता-जम्मू तवी एक्सप्रेस में हुई। बिहार के गया निवासी दिनेश साहू (42) पत्नी के साथ नैमिषारण्य जा रहे थे। मुगलसराय के ब्लॉक हट-बी व्यास नगर के पास बाथरूम से निकलते ही आरोपी ने उनकी कनपटी पर गोली मार दी। यात्रियों में दहशत फैल गई और आरोपी ट्रेन से उतरकर भाग गया। पुलिस के अनुसार मृतक के नकदी-जेवर सुरक्षित थे, यानी लूट मकसद नहीं था। तथा सोमवार की सुबह करीब साढ़े 8 बजे आरोपी अलीनगर के जीवक अस्पताल पहुंचा। इलाज के बहाने सीधे महिला वार्ड में घुसा और बेड पर लेटीं भभुआ निवासी लक्ष्मीना देवी (55) की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। पैर टूटने के कारण लक्ष्मीना का इलाज चल रहा था। गोली चलते ही वहां भगदड़ मच गई। फायरिंग करते हुए भाग रहे आरोपी को बाहर मौजूद ऑटो चालक विनोद दुबे ने जान पर खेलकर दबोच लिया। विनोद ने उसका हाथ मरोड़कर पिस्टल गिरा दी। इसके बाद भीड़ ने आरोपी की जमकर धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया। तीनों हत्याएं एक ही तरीके से कनपटी पर गोली मारकर की गईं। GRP, RPF और जिला पुलिस संयुक्त जांच कर रही है। आरोपी के सैन्य रिकॉर्ड और मानसिक स्थिति की जांच के लिए सेना व केंद्रीय एजेंसियों से संपर्क किया गया है। “आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है, लेकिन हत्याएं क्यों की, इसका मकसद अभी स्पष्ट नहीं है। गहन पूछताछ जारी है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई