सब्जी के झोले में छिपाकर 50 लाख की हेरोइन लेकर बेचने जा रहे दो तस्कर गिरफतार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)चंदौल जनपद में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 ग्राम हेरोइन के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है। तस्कर इस खेप को बड़ी ही चालाकी से सब्जी के झोले में छिपाकर वाराणसी के रास्ते आगे पहुंचाने की फिराक में थे।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह सफलता मुखबिर की सटीक सूचना पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस को मिली। उन्होंने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ पड़ाव चौराहे पर जांच करते हुए सब्जी के झोले में हेरोइन लेकर आगे जाने कि फिराक में खड़े दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गंगाराम वर्मा पुत्र स्व. सूरज लाल तथा नीरज वर्मा पुत्र राम प्रसाद वर्मा, निवासी ग्राम नेउला थाना मसौली, जिला बाराबंकी के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे एक अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बाराबंकी से यह मादक पदार्थ लेकर आए थे और पड़ाव क्षेत्र में किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने वाले थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, 240 रुपये नगद एवं अन्य सामान भी बरामद किया है। इस संबंध में थाना मुगलसराय में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि गिरफ्तार अभियुक्त गंगाराम वर्मा के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं, जिससे उसके तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका और गहरा गई है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई