प्याज की बोरियों में छिपाकर ले जाई जा रही 70 लाख की अवैध शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)जनपद चन्दौली के थाना सैयदराजा क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने इस दौरान एक शातिर तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 70 लाख रुपये बताई जा रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि थाना सैयदराजा, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध ट्रक चन्दौली की ओर से बिहार की तरफ जा रहा है, जिसमें अवैध सामान हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम जेठमलपुर तिराहा के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर बाद आ रहे संदिग्ध ट्रक (संख्या MP33H3042) को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने ट्रक में प्याज लदा होने की बात कही, जो नासिक से दरभंगा मंडी जा रहा था।

अवैध शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर

लेकिन गहन जांच में पुलिस को प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब की 407 पेटियां बरामद हुईं। कुल बरामद शराब की मात्रा 3654.36 लीटर है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हरिओम धाकड़ (38 वर्ष), निवासी जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment