ब्रेकिंग न्यूज.प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहने से 4 श्रमिकों की मौत, अमोनिया गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) प्रयागराज। जिले के गंगा नगर अंतर्गत फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक कोल्ड स्टोरेज अचानक भरभराकर ढह गया। इस दुर्घटना में चार श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 अन्य श्रमिक घायल हो गए। घायलों का इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। मलबा हटाकर दबे लोगों की तलाश जारी है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-गंगा नगर) कुलदीप गुनावत के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज ढहने के साथ ही वहां अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन विभाग की टीम गैस रिसाव को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। घटना पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज कराया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment