
FOLLOW US:
SHARE:
शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) वाराणसी के होटल रमाडा जेएचवी, कैंटोनमेंट में वीओए की वार्षिक बैठक गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में 75 से अधिक सदस्यों एवं पूर्व छात्रों ने सहभागिता की। इनमें काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के अस्थिरोग विभाग के पूर्व छात्र भी शामिल रहे। आयोजन में चिकित्सा क्षेत्र की उपलब्धियों, वरिष्ठ चिकित्सकों के योगदान और शैक्षणिक परंपराओं को सम्मान देने के साथ ही भविष्य की चिकित्सा चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. शिवम सिन्हा के आत्मीय स्वागत और उन्हें औपचारिक रूप से अध्यक्षीय कॉलर पहनाने के साथ हुआ।
इसके बाद डॉ. सिन्हा ने अध्यक्षीय संबोधन में एसोसिएशन की गतिविधियों और सामूहिक सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। बैठक के मुख्य अतिथि प्रो. एस. एम. तुली को अस्थिरोग चिकित्सा के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. एस. सी. गोयल, डॉ. के. पी. अग्रवाल, डॉ. एस. के. सराफ, डॉ. के. वी. पी. सिंह एवं डॉ. गौतम चक्रवर्ती का भी अभिनंदन किया गया।
इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सकों के अनुभव और सेवाओं को चिकित्सा जगत की महत्वपूर्ण विरासत के रूप में रेखांकित किया गया। डॉ. संजय यादव ने एसोसिएशन की वार्षिक गतिविधियों का सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें संगठन के कार्यों का विवरण देने के साथ ही बोर्ड सदस्यों के परिश्रम, प्रतिबद्धता और समर्पित सेवाओं की सराहना की गई। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पड़ाव वरिष्ठ शिक्षाविदों और चिकित्सकों को विदाई सम्मान देना रहा। प्रो. एस. सी. गोयल, प्रो. एस. के. सराफ, प्रो. ए. के. राय एवं प्रो. जी. एन. खरे को उनके बहुमूल्य योगदान और सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित रस्तोगी एवं डॉ. अजीत सिंह ने किया।शैक्षणिक सत्र में स्वर्गीय प्रो. टी. पी. श्रीवास्तव के व्यक्तित्व एवं योगदान का परिचय डॉ. मनोज गुप्ता ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात डॉ. संजय यादव ने व्याख्यानकर्ता प्रो. ए. एन. वर्मा का परिचय कराया। प्रो. वर्मा ने ‘अनशैकलिंग सेरेब्रल पाल्सी’ विषय पर व्याख्यान देते हुए सेरेब्रल पाल्सी से जुड़ी चिकित्सकीय समझ और उसके बंधनों से मुक्ति की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। यह सत्र चिकित्सा ज्ञान के आदान-प्रदान की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। औपचारिक कार्यक्रम का समापन डॉ. संजय यादव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने अध्यक्ष, मुख्य अतिथि, संरक्षकों, व्याख्यानकर्ता, बोर्ड सदस्यों, उपस्थित चिकित्सकों, पूर्व छात्रों तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक के उपरांत मेल-मिलाप एवं रात्रिभोज का आयोजन हुआ। इस अवसर पर पुराने साथियों को एक-दूसरे से मिलने, अनुभव साझा करने और व्यावसायिक व व्यक्तिगत संबंधों को और मजबूत बनाने का अवसर मिला। इस तरह वीओए की वार्षिक बैठक सम्मान, ज्ञान और आत्मीयता के संगम के रूप में संपन्न हुई।WhatsApp us