
FOLLOW US:
SHARE:
शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली, पुलिस ध्वज दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सम्मानपूर्वक पुलिस ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, वीर जवानों के त्याग, बलिदान और कर्तव्य परायणता को याद करते हुए पुलिसकर्मियों को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए एसपी ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पहली बार पुलिस ध्वज प्रदान किया था।
उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला ऐसा राज्य पुलिस बल बना, जिसे उसके उल्लेखनीय योगदान और शौर्य के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज महज एक प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिस विभाग के गौरवशाली इतिहास, वीर जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और उनके बलिदान की अमिट पहचान है। यह ध्वज प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर एसपी ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश के माध्यम से प्रदेश पुलिस की उपलब्धियों और विभिन्न अभियानों की जानकारी दी गई। इसमें बताया गया कि वर्ष 2017 से अब तक दो लाख 26 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई है।
अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत एक जुलाई 2023 से 18 नवंबर 2026 तक 1,64,917 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई है। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए वर्ष 2025 में प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जाने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 और जागरूकता अभियानों के संचालन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘यक्ष’ ऐप के उपयोग का भी उल्लेख किया गया।
यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए आरटीसी योजना के तहत कंजेशन पॉइंट्स पर लगभग 64 प्रतिशत सुधार तथा जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट्स योजना के अंतर्गत वर्ष 2026 की पहली छमाही में सड़क दुर्घटनाओं में नौ प्रतिशत और मृतकों की संख्या में 10 प्रतिशत की कमी दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई। संदेश के अनुसार इन प्रयासों से 800 से अधिक लोगों की जान बचाने में सफलता मिली है। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों, पुलिस चौकियों और कार्यालयों में भी सम्मानपूर्वक पुलिस ध्वज फहराया गया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को फ्लैग पिन लगाकर इस दिवस की शुभकामनाएं दीं। साथ ही पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने और पूरी निष्ठा से जनसेवा करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय सहित पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।WhatsApp us