इसरो के अंतरिक्ष संग्रहालय में पहुंचे यूपी के युवा, चंद्रयान से गगन यान तक के मिशनों की जानी तकनीकी बारीकियां

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. तिरुवनंतपुरम, 11 नवंबर। भारत सरकार की पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत संचालित युवा संगम कार्यक्रम में केरल पहुंचे उत्तर प्रदेश के युवाओं ने बुधवार को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) के स्पेस म्यूजियम का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की ऐतिहासिक यात्रा, वैज्ञानिक उपलब्धियों और आधुनिक अंतरिक्ष अभियानों की तकनीकी बारीकियों को करीब से समझा। भ्रमण के दौरान युवाओं ने भारत के शुरुआती रॉकेट प्रक्षेपण से लेकर आधुनिक उपग्रह प्रक्षेपण यानों तक के विकास की जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को इसरो की ओर से तैयार विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में अंतरिक्ष तकनीक की भूमिका को दर्शाया गया। इस दौरान संग्रहालय में स्थापित ‘कलाम कॉर्नर’ युवाओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। यहां विद्यार्थियों ने भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन, संघर्ष और वैज्ञानिक योगदान के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जाना कि किस प्रकार साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर डॉ. कलाम ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर देश को मिसाइल एवं अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई। उनके जीवन से युवाओं को राष्ट्र निर्माण और वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा मिली।इसके अलावा विद्यार्थियों ने चंद्रयान, गगनयान और सूर्य मिशन आदित्य एल-1 के मॉडल्स का अवलोकन किया। केंद्र के तकनीकी विशेषज्ञों से संवाद कर इन अभियानों की कार्यप्रणाली और वैज्ञानिक उद्देश्यों को समझा। युवाओं को यह भी बताया गया कि इसरो की अंतरिक्ष तकनीक कृषि, मौसम पूर्वानुमान, आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय विकास जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।उत्तर प्रदेश के इस युवा संगम दल का नेतृत्व काशी हिंदू विश्वविद्यालय के डॉ. बाला लखेंद्र और आईआईटी पालक्काड के नोडल अधिकारी विनीत कुमार कर रहे हैं। डॉ. बाला लखेंद्र ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण युवाओं के दृष्टिकोण को व्यापक बनाने और उनमें वैज्ञानिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम के जीवन से परिचित होना और इसरो की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझना प्रतिभागियों के लिए लंबे समय तक यादगार अनुभव रहेगा। पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में विज्ञान, अनुसंधान और आधुनिक तकनीक को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने विशेषज्ञों से कई सवाल पूछे और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *