शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) वाराणसी, 3 नवंबर। संगीत को अब तक अधिकांश लोग मनोरंजन और मन बहलाने का माध्यम मानते रहे हैं, लेकिन सही तरीके से संगीत सुनना तनाव कम करने, भावनाओं को नियंत्रित करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक हो सकता है।
इसी पहलू से विद्यार्थियों को परिचित कराने के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में दो दिवसीय संगीत चिकित्सा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें 98 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर जाना कि रोजमर्रा की जिंदगी में संगीत को मानसिक स्वास्थ्य और आत्म-देखभाल के एक उपयोगी माध्यम के रूप में कैसे अपनाया जा सकता है।
विश्वविद्यालय के वेलबीइंग सर्विस सेल (डब्ल्यूबीएससी) की ओर से 2 एवं 3 नवंबर को वैदिक विज्ञान केंद्र के सेमिनार हॉल में ‘दैनिक जीवन में चिकित्सीय संगीत का उपयोग’ विषय पर आयोजित इस कार्यशाला का संचालन महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के मनोविज्ञान विभाग के सहायक आचार्य एवं संगीत चिकित्सा प्रयोगशाला एवं अनुसंधान केंद्र के समन्वयक डॉ. दुर्गेश कुमार उपाध्याय ने किया।

इसके लिए केवल संगीत सुनना ही नहीं, बल्कि अपनी मनोदशा और संगीत के प्रति अपनी प्रतिक्रिया को समझना भी जरूरी है। डॉ. उपाध्याय ने तनाव प्रबंधन, भावनाओं के नियमन, मनोदशा में सुधार और मनोवैज्ञानिक कल्याण में संगीत की भूमिका को विस्तार से समझाया। उन्होंने अनुभवात्मक गतिविधियों, निर्देशित संगीत श्रवण और आत्मचिंतन के माध्यम से विद्यार्थियों को संगीत तथा मनोदशा के बीच संबंधों की जानकारी दी।
साथ ही प्रतिभागियों को अपनी जरूरत और भावनात्मक स्थिति के अनुरूप व्यक्तिगत संगीत आधारित कल्याण योजनाएं तैयार करने के तरीके भी बताए।कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसे व्यावहारिक उपायों से जोड़ना था, जिन्हें वे पढ़ाई के दबाव, दैनिक तनाव और भावनात्मक उतार-चढ़ाव के दौरान अपने जीवन में अपना सकें। प्रतिभागियों ने गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और कार्यशाला के अनुभवात्मक स्वरूप की सराहना की। इस आयोजन ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया कि संगीत केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। उसका सचेत और उचित उपयोग व्यक्ति के भावनात्मक संतुलन, तनाव प्रबंधन और मानसिक कल्याण की दिशा में उपयोगी भूमिका निभा सकता है।



