बड़ी खबर…. चंदौली: बंद रेस्टोरेंट में चल रहा था शराब तस्करी का नेटवर्क, 33 गिरफ्तार; 520 लीटर शराब बरामद

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली सदर कोतवाली क्षेत्र में बंद पड़े एक रेस्टोरेंट को शराब तस्करी के नेटवर्क के रूप में इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया है। चंदौली कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर 15 पुरुषों और 18 महिलाओं समेत कुल 33 लोगों को गिरफ्तार किया है। क्षेत्राधिकारी सदर नामेन्द्र कुमार ने बताया कि छापेमारी के दौरान मौके से 520.7 लीटर शराब, 2,234 बोतल, टेट्रा पैक और पाउच, 37,690 रुपये नकद तथा चार वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस की जांच में सामने आया कि शराब को स्थानीय दुकानों से जुटाकर बंद रेस्टोरेंट में लाया जाता था। वहां बोतलों को अखबार में लपेटकर पारदर्शी टेप से पैक किया जाता था। इसके बाद पुरुष बैग और कपड़ों में, जबकि महिलाएं पर्स, सूटकेस और अन्य सामान में शराब छिपाकर छोटी-छोटी खेपों में बिहार ले जाती थीं। वहां ऊंचे दाम पर बिक्री किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क का खुलासा सकलडीहा चौराहे के पास एक संदिग्ध को रोकने के बाद हुआ। उसके पास मौजूद बैग से शराब मिलने पर पूछताछ की गई, जिसके बाद बंद रेस्टोरेंट में छापेमारी की गई। वहां शराब की पैकिंग और तस्करी की तैयारी में जुटे लोग मिले। कार्रवाई में टेंपो, दो बाइक और एक टीवीएस मोपेड समेत चार वाहन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। रेस्टोरेंट के संचालन और शराब की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई ने शराब तस्करी के उस तरीके को उजागर किया है, जिसमें बड़ी खेप के बजाय यात्रियों और छोटे वाहनों के जरिए शराब को अलग-अलग हिस्सों में सीमा पार पहुंचाने की कोशिश की जाती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *