चंदौली: काली माता मंदिर हादसे में मृतक के परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मुआवजा और सरकारी नौकरी की उठाई मांग

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली जिले के मुगलसराय में सड़क चौड़ीकरण के दौरान काली माता मंदिर के ध्वस्तीकरण के समय हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक बलदेव यादव के परिजनों से मिलने सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय उनके डांडी (पड़ाव) स्थित आवास पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। अजय राय ने इस घटना को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए कहा कि एक गरीब मजदूर का रोजी-रोटी कमाने के दौरान इस तरह हादसे का शिकार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घटना के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि मृतक के परिजनों को तत्काल सम्मानजनक आर्थिक मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के भरण-पोषण के लिए एक आश्रित को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके न्याय की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी, रामानंद यादव, दयाराम पटेल, डॉ. सुल्तान खान, राममूरत गुप्ता, नवीन पाण्डेय, संतोष तिवारी, दिनेश चंद्रा, शाहिद तौसीफ, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, राकेश पाठक, राजकिशोर सिंह, हम्मीर शाह, डॉ. इम्तियाज, निखिल सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई