शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र).चंदौली जिले के चहनियां कस्बा स्थित छोटी बेलवाली मोहल्ले में सोमवार की शाम को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। घर के सामने बह रही नहर में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है।जानकारी के अनुसार छोटी बेलवाली निवासी हीरा पाल के पांच वर्षीय पुत्र आर्यन पाल और तीन वर्षीय पुत्री अन्नू पाल सोमवार को घर के सामने खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों मासूम नहर की ओर चले गए। स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चे अक्सर नहर पार कर आसपास की दुकानों तक चले जाते थे। बताया जाता है कि सोमवार को सिंचाई विभाग द्वारा नहर में पानी छोड़ा गया था, जिससे नहर पूरी तरह पानी से भर गई थी और बहाव भी काफी तेज था। आशंका है कि नहर पार करने के दौरान पहले एक बच्चे का पैर फिसल गया और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा बच्चा भी पानी में गिर पड़ा। देखते ही देखते दोनों मासूम तेज बहाव की चपेट में आ गए और पानी में बह गए। काफी देर तक बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान नहर किनारे लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और हर किसी की आंखें नम हो उठीं। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की असमय मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। यह हादसा एक बार फिर नहरों और जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहरों के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। मासूम आर्यन और अन्नू की दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। हर कोई यही कह रहा है कि कुछ ही पलों की चूक ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं।