14 वरिष्ठ चिकित्सक हुए शॉर्टलिस्ट, 8 जुलाई को होगा साक्षात्कार
शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में नए मेडिकल सुपरिंटेंडेंट (एमएस) की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण पद के लिए चयन प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।शॉर्टलिस्टिंग के बाद 14 वरिष्ठ चिकित्सकों की सूची जारी कर दी गई है, जिन्हें आगामी 8 जुलाई को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। गौरतलब है कि बीएचयू प्रशासन ने जनवरी माह में रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक तथा मेडिकल सुपरिंटेंडेंट पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, जबकि मेडिकल सुपरिंटेंडेंट पद पर चयन प्रक्रिया करीब छह माह से लंबित थी। अब शॉर्टलिस्टिंग पूरी होने के बाद नए सुपरिंटेंडेंट के चयन का रास्ता साफ हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, एमएस पद के लिए कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से जांच और मूल्यांकन के बाद 14 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों में आईएमएस-बीएचयू के 13 वरिष्ठ चिकित्सकों के साथ एम्स दिल्ली की एक महिला चिकित्सक भी शामिल हैं। साक्षात्कार के लिए चयनित चिकित्सकों में न्यूरो सर्जरी विभाग के प्रो. विजयनाथ मिश्र, प्रो. आर.एन. चौरसिया, ट्रॉमा सेंटर के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. सौरभ सिंह, जीरियाट्रिक विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप सिंह, नेफ्रोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. शिवेंद्र सिंह, रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. अमित नंदनधर द्विवेदी, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की प्रो. अंजली रानी, एनेस्थीसिया विभाग के प्रो. अनिल पासवान, जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. एस.के. भारतीय, प्रो. पुनीत, बायोकेमिस्ट्री विभाग के प्रो. एस.पी. मिश्र, जनरल मेडिसिन विभाग के प्रो. धीरज किशोर, प्रो. दीपक गौतम तथा एम्स दिल्ली की प्रो. शिल्पा शर्मा शामिल हैं। वहीं, शॉर्टलिस्टिंग प्रक्रिया के दौरान तीन अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए। इनमें फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रो. मनोज पाठक, त्वचा रोग विभाग के प्रो. सत्येंद्र कुमार तथा एक बाहरी अभ्यर्थी शामिल हैं। दो अभ्यर्थियों को परफॉर्मेंस एप्रेजल रिपोर्ट (एपीएआर) से संबंधित कारणों तथा एक अभ्यर्थी को निर्धारित 14 वर्ष के अनुभव से कम अनुभव होने के आधार पर अयोग्य घोषित किया गया। सर सुंदरलाल चिकित्सालय के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट का पद अस्पताल की प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में नए सुपरिंटेंडेंट की नियुक्ति को लेकर चिकित्सकों और अस्पताल प्रशासन के बीच उत्सुकता बनी हुई है। अब 8 जुलाई को होने वाले साक्षात्कार के बाद इस पद पर नियुक्ति का निर्णय लिया जाएगा।