शांति दूत न्यूज़.नई दिल्ली, 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को 18 ‘नमो ऑक्सीजन पार्कों’ का डिजिटल लोकार्पण किया।
मैदानगढ़ी स्थित ‘नमो ऑक्सीजन पार्क’ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्र और दिल्ली सरकार ने संयुक्त रूप से राजधानी को प्रदूषण मुक्त और हरित बनाने के लिए व्यापक अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, दिल्ली के पर्यावरण एवं वन मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, दक्षिण दिल्ली सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक करतार सिंह तंवर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण अभियान से हुई, जहां अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार राजधानी में कुल 100 ‘नमो ऑक्सीजन पार्क’ विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। फिलहाल शुरू किए गए 18 पार्कों के अंतर्गत 185.42 एकड़ क्षेत्र को हरित जोन के रूप में विकसित किया जाएगा।





