चंदौली: “विश्व पर्यावरण दिवस पर राज्यसभा सांसदों ने किया पौधारोपण, दिया ‘ वृक्ष लगाओ-धरा बचाओ’ का संदेश”

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चन्दौली शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह एवं साधना सिंह ने फलदार आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। वृक्ष न केवल हमें छाया और फल प्रदान करते हैं, बल्कि जीवनदायिनी प्राणवायु देकर मानव जीवन को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस लिए आइये हम सभी लोग मिलकर ‘वृक्ष लगायें-धरा बचायें’ उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि इस वर्ष “एक पेड़ मां के नाम” थीम के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जा रहा है। यह अभियान न केवल पर्यावरण को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और समृद्ध वातावरण देने का संकल्प भी है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण के महत्व को समझने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने बताया कि जिले भर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि इस अभियान में आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो, ताकि जनपद को हरित और स्वच्छ बनाया जा सके। इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं तथा प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर ने भी फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई