शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) चन्दौली, जनपद में अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने वाराणसी से बिहार जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी कर एक ट्रक से पंजाब निर्मित भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद करते हुए दो शातिर अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना चन्दौली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चौकी नवीन मंडी के सामने हाईवे पर संदिग्ध ट्रक संख्या MH18BG7712 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई कुल 1210 पेटी ‘HOWARD 500’ ब्रांड की अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद हुई। बरामद बीयर कुल 29,040 कैन तथा 14,520 लीटर मात्रा में पाई गई।पुलिस ने मौके से राजस्थान निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मूला राम पुत्र भेरा राम निवासी खोखसर पश्चिम थाना गीडा जनपद बाड़मेर तथा हितेन्द्र कुमार पुत्र किशना राम निवासी सेवनीपाला थाना बायतु जनपद बाड़मेर शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पंजाब से बीयर लोड कर बिहार के औरंगाबाद जनपद ले जा रहे थे। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस को गुमराह करने के लिए उन्होंने ट्रक में भूसी लदी होने की बात कही थी, लेकिन सघन जांच में पूरा मामला उजागर हो गया। इस मामले में थाना चन्दौली पर आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक राघवेन्द्र सिंह, रामाशंकर यादव सहित थाना चन्दौली पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। अपर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।