सड़क पर गिरते ही स्कार्पियो ने रौंदा, कार का दरवाजा खुलने से हुआ दर्दनाक हादसा

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) चंदौली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। भगवान तालाब के पास स्थित एक ढाबे के समीप सर्विस रोड किनारे खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुल जाने से बाइक सवार युवक उससे टकराकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्कार्पियो उसे कुचलते हुए फरार हो गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रविन्द्र उपाध्याय उर्फ कृष्ण अवतार (35) धीना थाना क्षेत्र के गोरख गांव के निवासी थे। वह चंदौली कस्बे के एक निजी अस्पताल में एंबुलेंस चालक के रूप में कार्यरत थे। गुरुवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहे थे। तभी भगवान तालाब के पास एक ढाबे के समीप खड़ी कार का दरवाजा अचानक खुल गया, जिससे उनकी बाइक कार के गेट से टकरा गई और वह सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के गिरते ही पीछे से तेज गति से आ रही स्कार्पियो ने उन्हें कुचल दिया और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलने पर मंडी चौकी प्रभारी राघवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार स्कार्पियो की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई