चंदौली:अब और आकर्षक होगा नौगढ़ वॉच टावर, कैंटीन और एडवेंचर गेम्स से सजेगा पर्यटन स्थल

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली जनपद के नौगढ़ क्षेत्र स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर औरवाटांड़ जलप्रपात और छानपातर दरी को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासन तेजी से कार्य कर रहा है।

रविवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने इन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नौगढ़ क्षेत्र का यह इलाका पिकनिक और एडवेंचर के लिए सैलानियों की पहली पसंद बनता जा रहा है।

ऐसे में यहां आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।उन्होंने निर्देश दिए कि पर्यटन स्थल पर एडवेंचर गेम्स, चिल्ड्रेन पार्क, वॉच टावर और कैंटीन जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि पर्यटक यहां अधिक समय तक ठहरकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकें। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ खानपान और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने डीएफओ बी शिवशंकर को झरने के किनारे रेलिंग सहित अन्य सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पर्यटन अधिकारी नीतीन कुमार द्विवेदी से कहे कि पर्यटन विभाग तथा वन विभाग को मिलकर विकास कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि औरवाटांड़ जलप्रपात और छानपातर दरी को एक आदर्श पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक योजना पर कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन की इस पहल से आने वाले समय में चंदौली जनपद पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर नजर आ रहा है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment