चंदौली: लापरवाही देख एस पी ने मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक को किया निलंबित

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)चंदौली जनपद में पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कर्तव्य में लापरवाही और उदासीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार, थाना मुगलसराय क्षेत्र से जुड़े कुछ गंभीर प्रकरण संज्ञान में आए, जिनमें प्रथम दृष्टया प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह की  लापरवाही सामने आई। दिनांक 02 अप्रैल 2026 को सोशल मीडिया पर शराब की दुकान बंद होने के बाद भी अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल हुआ, लेकिन इस पर समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी दिन रात्रि में क्षेत्र में एक लूट की घटना भी हुई, जिसकी सूचना उच्च अधिकारियों को समय पर नहीं दी गई और मामले के खुलासे में भी ढिलाई बरती गई। इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया तथा मामले की जांच के आदेश दिए हैं। गौरतलब है कि एसपी द्वारा पूर्व में ही सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया था कि किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए और जनता की शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके बावजूद निर्देशों की अनदेखी किए जाने पर यह सख्त कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में बेहतर पुलिसिंग के लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसी लापरवाही पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment