शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)जनपद चंदौली में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट कर दिया है कि कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
(मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर)
हालिया समीक्षा में सामने आई गंभीर अनियमितताओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, जबकि छह अन्य के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, थाना मुगलसराय क्षेत्र के चौकी दुल्हीपुर पर तैनात मुख्य आरक्षी संतोष यादव के खिलाफ अवैध जुआ संचालन एवं तस्करी पर प्रभावी रोकथाम में रुचि न लेने की शिकायतें मिल रही थीं। पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद सुधार न होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।वहीं थाना सैयदराजा में तैनात उपनिरीक्षक राम प्यारे चौधरी को भी गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। उनके खिलाफ अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई न करने, हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी में ढिलाई, उच्चाधिकारियों को समय से सूचना न देने और विवेचनाओं में उदासीनता जैसे आरोप पाए गए। इसके अलावा गो-तस्करी से जुड़े मामलों में हाईवे पेट्रोलिंग के दौरान लापरवाही सामने आने पर यातायात शाखा के छह पुलिसकर्मियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आई है। टीएसआई उमाशंकर यादव, टीएसआई मनोज कुमार सिंह समेत अन्य कर्मियों द्वारा घटनाओं की समय से सूचना न देना कर्तव्यहीनता माना गया है। इस मामले में सभी के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश जारी किए गए हैं। एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जनपद में कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी अधिकारी या कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति गंभीर नहीं है, उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”