बम ब्लास्ट के मुख्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी न होने से भड़के किन्नर, चहनियाँ चौराहे पर किया चक्का जाम

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र) चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज बाजार स्थित खुशबू किन्नर के मकान पर हुए बम ब्लास्ट के मामले में मुख्य अभियुक्त की अब तक गिरफ्तारी न होने से किन्नर समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया।

नाराज किन्नरों ने बुधवार को चहनियाँ चौराहे पर चक्का जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते रहे। प्रदर्शन कर रहे किन्नरों का कहना है कि घटना के बावजूद पुलिस प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। किन्नरों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज स्थित किन्नरों के तीन मंजिला मकान में कुछ दिन पूर्व तेज धमाके के साथ बम ब्लास्ट हुआ था, जिससे मकान की एक तरफ की दीवार ढह गई और पूरी इमारत दहल गई थी। इस मामले के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित किन्नरों ने बुधवार की सुबह चहनियां चौराहे पर चक्काजाम कर नारेबाजी, प्रदर्शन करते रहे तथा बलुआ थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। किन्नर थाने के गेट पर बैठकर “मुझे इंसाफ चाहिए” के नारे लगाते रहे और पुलिस पर घूसखोरी व पैरवी के आरोप भी लगाए। सूचना पाकर मौके पर पहुंचीं सीओ सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने प्रदर्शन कर रहे किन्नरों से वार्ता की और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, किन्नर समुदाय का कहना है कि जब तक दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होती तथा दोषियों के घरों पर बुल्डोजर नहीं चलाया जाएगा,उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई