हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति तथा पालतू कुत्ते की मौत, बिजली विभाग की लापरवाही उजागर

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. उत्तर प्रदेश, चंदौली। जिले के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत पईं कुशी गांव में मंगलवार सुबह शौच के लिए घर से निकले एक व्यक्ति तथा उसके पालतू कुत्ते की बिजली के गिरे हाईटेंशन तार के स्पर्श में आने से जलकर मौत हो गई। यह घटना मंगलवार की  तड़के लगभग 4:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान पारस बिन्द (55) के रूप में हुई है, जो पई, कुशी गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि पारस बिन्द अपने पालतू कुत्ते के साथ शौच के लिए गांव के बाहर गए थे। इसी दौरान अमड़ा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े डेढ़गांवा फीडर की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार पोल से टूटकर जमीन पर गिरा हुआ था। घने कोहरे के कारण जमीन पर पड़ा तार दिखाई नहीं दिया और पारस बिन्द तथा उनका कुत्ता अनजाने में उसकी चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कुछ समय बाद उधर गये गांव के अन्य लोगों ने देखा तो गांव में लोगों को बताया गया। तथा पुलिस को सूचित किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिवार में दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए टूटे तारों की समय पर मरम्मत और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई