चंदौली: औद्योगिक क्षेत्र की बिजली समस्याएं 15 दिन में दूर करें : मुख्य अभियंता

SHARE:

उद्यमियों ने मीटर, बिलिंग, ट्रिपिंग और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं रखीं
औद्योगिक क्षेत्र की बिजली समस्याएं 15 दिन में दूर करने के निर्देश

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.)चंदौली, 25 सितंबर। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को उद्यमियों और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों की बैठक हुई। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में उद्यमियों ने मीटर, बिलिंग, बिजली कटौती और विद्युत ढांचे से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। मुख्य अभियंता प्रवेश कुमार ने अधिकारियों को समस्याओं का 15 दिन में समाधान करने का निर्देश दिया। बैठक में उद्यमी विजय सिंह ने बताया कि मीटर में फेस मिसिंग होने के कारण विभाग की ओर से गलत आकलन कर करीब दो लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया था। मुख्य अभियंता ने मामले में अर्थदंड समाप्त करने का आश्वासन दिया। केशव करवा ने सौर ऊर्जा से संबंधित 46 हजार यूनिट के समायोजन का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कई महीने से विभाग के चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मिथिला इंडस्ट्री के अशोक सुलतानिया ने जमा सिक्योरिटी राशि पर ब्याज नहीं मिलने की समस्या रखी। संगरीला कलर कोटिंग के सुजीत कुमार सुमन ने बताया कि एक साल से बिजली का बिल नहीं मिला है और पुराने उपभोक्ता का नाम हटाकर उनका नाम भी दर्ज नहीं किया गया है। सिमरन फूड्स के संचालक ने छह महीने से खराब पड़े सिटी-पिटी को बदलने की मांग की। अक्षत रोलर के उद्यमी ने बताया कि 1600 केवीए का कनेक्शन होने के बावजूद दिन में कई बार बिजली ट्रिपिंग से उत्पादन प्रभावित हो रहा है। विजय केशरी ने फैक्टरी के सामने झुके बिजली के पोल और ढीले तारों की समस्या उठाते हुए दुर्घटना की आशंका जताई। ब्रिजलेक्स इंजीनियरिंग के उद्यमी ने दो महीने से बिजली का बिल नहीं मिलने की बात कही। सुरेश खंडेलवाल ने बताया कि नया मीटर लगने के बाद से अब तक उनका बिल नहीं आया है। रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने दोनों औद्योगिक क्षेत्रों के लिए 11 हजार केवी के फीडर बढ़ाने, 400 केवीए के पांच अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने और 33 हजार केवी की अलीनगर लाइन को औद्योगिक क्षेत्र से आइसोलेटर के माध्यम से जोड़ने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इससे औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी। उद्यमियों की समस्याएं सुनने के बाद मुख्य अभियंता प्रवेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को 15 दिन के भीतर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र से विभाग को महत्वपूर्ण राजस्व प्राप्त होता है और समस्याओं के समाधान के लिए हर महीने औद्योगिक क्षेत्र में बैठक की जाएगी। बैठक में अधीक्षण अभियंता लोकेश चंद्रा, अधिशासी अभियंता सुनील यादव, आशीष कुमार, अधिशासी अभियंता मीटर शिवकुमार तथा विभिन्न उपखंडों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में चंद्रेश्वर जायसवाल, पंकज बिजलानी, अशोक सुलतानिया, सौरभ शाह, अनूप साहू, आशीष गुप्ता, त्रिभुवन सिंह, सिद्धार्थ बाजला, मनोज तिवारी, अरविंद सिंह, अरुण वर्मा, अमित गुप्ता, उत्तम कुमार, शरद अग्रसेन, विजय सिंह, केशव यादव, शोहेब अहमद, नितेश सिंह, शिवा पूजन जायसवाल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई