चंदौली जिले में एक जगह पुलिस को देख पशु तस्कर गंगा में कूदा चोट लगने से हुई मौत दूसरी जगह मवेशी चोरों से पुलिस की हुई मुठभेड़ एक घायल

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली, जनपद में मवेशी चोरी और गोवंश तस्करी के खिलाफ चंदौली पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों पर शिकंजा कस दिया। चकिया क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस की घेराबंदी से बचने के प्रयास में गंगा पुल से नीचे कूदे दो संदिग्धों में से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने 11 गोवंश बरामद किए हैं।

चकिया में मवेशी चोर गिरोह से मुठभेड़

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के करीब चार बजे चकिया थाना क्षेत्र के भभौरा नाका के पास ग्रामीणों ने सूचना दी कि नीले रंग की मैजिक पिकअप से आए बदमाश सड़क किनारे बंधी भैंसों को चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों के जाग जाने और शोर मचाने पर बदमाश वाहन से भाग निकले। सूचना मिलते ही चकिया पुलिस और एसओजी टीम ने लतीफशाह पहाड़ी मार्ग पर घेराबंदी कर नीले रंग की मैजिक पिकअप को रोक लिया। वाहन रुकते ही बदमाश भागने लगे। पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ लिया। इसी दौरान एक आरोपी करन सिंह चौहान ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण की चेतावनी के बावजूद दोबारा फायरिंग किए जाने पर आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया भेजा गया।पुलिस ने मौके से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखे, घटना में प्रयुक्त मैजिक पिकअप और 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने एक संगठित गिरोह चलाने की बात स्वीकार की है। गिरोह रात के समय मैजिक और पिकअप वाहनों से ग्रामीण क्षेत्रों से भैंस और पड़िया चोरी कर उन्हें वाराणसी के कज्जाकपुरा और दुलहीपुर में बेचता था। आरोपियों ने थाना इलिया की तीन, शहाबगंज की दो और चकिया की दो मवेशी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।

बलुआ में 11 गोवंश बरामद, पुल से कूदे आरोपी की मौत

 बलुआ थाना पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 6:10 बजे तिरगावां-सैदपुर गंगा नदी पुल पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन सवार तीन लोग भागने लगे। पुलिस ने एक आरोपी शक्ति कुमार को मौके से पकड़ लिया। वहीं, दो आरोपी शिवांशु कुमार और काजू कुमार पुलिस से बचने के प्रयास में गंगा पुल से नीचे कूद गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान काजू कुमार की मौत हो गई, जबकि शिवांशु कुमार का इलाज जारी है। पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर तिरपाल के नीचे क्रूरतापूर्वक बांधकर लादे गए 11 गोवंश बरामद हुए। वाहन को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और पशु परिवहन नियमों के तहत कार्रवाई की गई है।

गोवंश अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज

एक ही दिन में चकिया और बलुआ क्षेत्र में हुई इन दोनों बड़ी कार्रवाइयों से जनपद में मवेशी चोरी और गोवंश तस्करी के नेटवर्क पर पुलिस की कड़ी कार्रवाई सामने आई है। चकिया में पुलिस ने अंतरजनपदीय मवेशी चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया, जबकि बलुआ में 11 गोवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया गया।

लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से मवेशी चोरों और गोवंश तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस दोनों मामलों में आरोपियों के नेटवर्क, उनके सहयोगियों और चोरी किए गए पशुओं की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की भी जांच कर रही है। वहीं जनपद के कन्दवा थाना पुलिस तथा सैयदराजा कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जमानियां की ओर से एक पिकप वाहन में 13 राशि गोवंशीय पशुओं को लेकर जा रहे एक पशु तस्कर को तलाशपुर गांव के सामने घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई