डीडीयू जंक्शन पर जांच के दौरान 28 लाख रुपए के साथ दो व्यक्ति गिरफतार

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.) चंदौली, अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डीडीयू जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन से यात्रा कर रहे दो संदिग्धों के पास से 28 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। नकदी के संबंध में दोनों संदिग्ध कोई संतोषजनक जवाब और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद बरामद धनराशि और दोनों संदिग्धों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार 17 जुलाई को रेलवे स्टेशन, सर्कुलेटिंग एरिया और ट्रेनों में अपराध नियंत्रण तथा संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के लिए आर पी एफ की प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह तथा जी आर पी के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के निर्देश पर जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान डीडीयू रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंची ट्रेन संख्या 12322 कोलकाता मेल के कोच एस-3 में दो संदिग्ध व्यक्तियों के यात्रा करने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर जीआरपी डीडीयू, आरपीएफ और आरपीएफ सीआईबी की संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रेन के कोच एस-3 की सीट नंबर 41 और 43 पर बैठे दोनों संदिग्धों की जांच की। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद एक पिट्ठू बैग से कुल 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए।पूछताछ के दौरान दोनों संदिग्ध बरामद धनराशि के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस टीम द्वारा नकदी से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर भी वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। इसके बाद पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग, वाराणसी को दी। सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा दोनों संदिग्धों और बरामद 28 लाख रुपये की नकदी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, संदिग्धों की पहचान राहुल सोनी (38) निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश और पुष्प कुमार उसरेटे (23) निवासी हनुमानताल, जबलपुर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment