चन्दौली: गोतस्करों से सांठगांठ कर सीमा पार कराने के आरोप में आरक्षी गिरफ्तार 

SHARE:

शांति दूत न्यूज़. (उ.प्र.) जनपद चन्दौली में अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली चन्दौली और थाना इलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने गोतस्करों को संरक्षण देने और भ्रष्टाचार में संलिप्त एक निलंबित आरक्षी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि थाना इलिया में पंजीकृत गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से संबंधित मामले की जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, मोबाइल फोन, व्हाट्सएप कॉल और चैट—के आधार पर आरक्षी सत्येन्द्र यादव का नाम सामने आया। वह पहले से ही थाना सैयदराजा में दर्ज भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के मामले में वांछित चल रहा था और वर्तमान में निलंबित था। पुलिस टीम ने 12 अप्रैल को अम्बेडकर नगर जनपद के पलई बाजार क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी आरक्षी गोतस्करों को चन्दौली बॉर्डर पार कराने, पुलिस की गतिविधियों की लोकेशन साझा करने और सुरक्षित रास्तों की जानकारी देने का काम करता था। इसके बदले वह ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से धन वसूलता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह और थानाध्यक्ष चन्दन कुमार राय के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में गोतस्करी के 162 मामलों में 410 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1297 गोवंश, 90 किलोग्राम गोमांस और 178 वाहन बरामद किए गए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कई मामलों में कठोर कार्रवाई की गई और लाखों रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 46 मामलों में 127 अभियुक्तों की गिरफ्तारी, 345 गोवंश और 55 वाहनों की बरामदगी की जा चुकी है।

Ashutosh Tiwari
Author: Ashutosh Tiwari

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई