चंदौली जनपद के डाकबंगला रोड पर आज सबेरा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क किनारे रहने वाले, असहाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को राहत प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए।

कंबल वितरण कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक भानु प्रताप स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग की सेवा करना संस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में गरीबों की मदद करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य भी है। संस्था आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों को निरंतर करती रहेगी।





