शांति दूत न्यूज़. (उत्तर प्रदेश) चन्दौली पुलिस अधीक्षक चन्दौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर वांछित एवं इनामिया अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बलुआ एवं थाना धीना पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं मकान को विस्फोट से क्षतिग्रस्त करने के मामले में वांछित 50,000 रुपये के इनामिया अभियुक्त को विस्फोटक सामग्री व अवैध असलहे के साथगिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) एवं क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने बहोरा चंडौल रेलवे स्टेशन के पास पुलिया, थाना धीना क्षेत्र से अभियुक्त अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू पुत्र मनोज कुमार सिंह निवासी ग्राम सराय, थाना बलुआ, जनपद चन्दौली (उम्र लगभग 28 वर्ष) को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 04 जिलेटिन रॉड (विस्फोटक पदार्थ), 01 अवैध तमंचा .32 बोर तथा 03 जिंदा कारतूस .32 बोर बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ पुरानी रंजिश के चलते खुशबू किन्नर की हत्या के इरादे से उसके घर पर विस्फोट कर मकान को क्षतिग्रस्त किया था, हालांकि पीड़िता बाल-बाल बच गई। घटना के बाद से वह बिहार में छिपकर रह रहा था। अभियुक्त ने यह भी स्वीकार किया कि जिलेटिन रॉड उसे उसके साथी विकास ने उपलब्ध कराई थी तथा अवैध तमंचा व कारतूस उसने बिहार में एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदे थे, जिन्हें वह दबदबा बनाने के लिए अपने पास रखता था। अभियुक्त के विरुद्ध थाना बलुआ, जनपद चन्दौली में गैंगस्टर एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित कुल चार गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।