सड़क हादसों की रोकथाम को लेकर पुलिस सख्त, पेट्रोल पंप व ढाबा संचालकों के साथ यातायात विभाग की हुई अहम बैठक

SHARE:

शांति दूत न्यूज़.( उ0 प्र0) चंदौली जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में शनिवार को यातायात विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में हुई इस बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने की। बैठक में एनएच-19 पर स्थित पेट्रोल पंप, होटल एवं ढाबा संचालकों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान कटरिया से नौबतपुर तथा नौबतपुर से कटरिया तक एनएचएआई द्वारा बनाए गए अवैध कटों और अतिक्रमण के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई क्षेत्राधिकारी यातायात ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अवैध कट और अतिक्रमण सड़क हादसों का प्रमुख कारण बन रहे हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पेट्रोल पंप, होटल व ढाबा संचालकों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों के सामने अवैध कट न बनाने और अतिक्रमण न करने के लिए सख्त हिदायत दी। बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर मौजूद एनएचएआई के अधिकारियों ने गंभीरता से विचार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि यातायात सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक यातायात सत्य प्रकाश यादव, एनएचएआई के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में पेट्रोल पंप, होटल और ढाबा संचालक उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई