मृत महिला के शव को पुलिस के साथ कमरे से बाहर लेकर जा रहे स्थानीय लोग
शांति दूत न्यूज़.(उ.प्र.)चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में किराए के मकान में रह रहे दंपती के कमरे से विवाहिता का शव मिलने और पति के बेहोशी की हालत में पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि बेहोशी की हालत में मिले पति को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

दोनों पिछले 15-20 दिनों से कटरिया स्थित सुरेन्द्र प्रताप सिंह के मकान में किराए पर रह रहे थे। मुगलसराय के सी ओ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि दो दिनों से कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। मकान मालिक और आसपास के लोगों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर मकान मालिक ने इसकी सूचना अलीनगर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मुगलसराय क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह, अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर बेड पर रानी मृत अवस्था में पड़ी मिली, जबकि उसका पति आकाश बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस ने तत्काल बेहोश आकाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पति की हालत, विवाहिता की मौत के कारण और कमरे में मिले परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।